श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 अप्रैल 2026। आड़सर बास के वार्ड 36 में प्लास्टिक के थैले में डालकर किसी अज्ञात ने मानव भ्रूण फैंक दिया। सुबह सुबह यहां बालिका का नोंचा हुआ शव मिलने से मोहल्लेवासियों में आक्रोश का माहौल छा गया। लोगों ने मानवता के विरूद्ध बताते हुए बालिका की हत्या के आरोप लगाते हुए घटना की निंदा की। पार्षद प्रतिनिधि वेदप्रकाश ने पुलिस को परिवाद देते हुए बताया कि श्मशान रोड पर करीब 6 माह की बच्ची भ्रूण पड़ा पाया गया। जिसका सिर व शरीर संभवत कुत्तों द्वारा नोंच डाला गया। एसआई रतनलाल मौके पर पहुंचे व पुलिस द्वारा आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और भ्रूण को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ गौरव सैनी ने बताया कि भ्रूण करीब 6 माह का है और किसी ने घर पर ही डिलीवर करवा फैंक दिए जाने की संभावना है। फिलहाल डॉ टीम ने शव को सुरक्षित रख डीएनए टेस्ट व आगामी जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार को दी गई है।