डूंगरगढ़ one 20 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पूनरासर स्थित हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर शुक्रवार को एक भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट बीकानेर (कोलकाता) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मंदिर निर्माण के लिए शिलापूजन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीडूंगरगढ़ के विधायक ताराचंद सारस्वत ने विधिवत रूप से शिलापूजन कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुनरासर का भव्य मंदिर ट्रस्ट, पुजारियों, ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से ही साकार होगा। उन्होंने कहा कि “मंदिर निर्माण बालाजी की प्रेरणा से ही संभव है, हम सभी तो मात्र निमित्त हैं।” साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार से गांव की समृद्धि में और वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के ट्रस्टी मोटू हर्ष, बजरंग लाल पारीक, सम्पत पारीक, तुलसीदास पुरोहित, राजेश लदरेचा, डॉ. गिरिराज हर्ष, सुभाष आचार्य एवं जगदीश पारिक ने अतिथियों का शॉल, साफा और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। सम्मानित होने वालों में विधायक ताराचंद सारस्वत, सरपंच माननाथ सिद्ध, पुजारी डालचंद बोथरा, महावीर प्रसाद बोथरा, विनोद कुमार बोथरा, विमल कुमार, शिल्पकार नरेंद्र सोनगरा, भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, महंत प्रेमनाथ एवं सेरूणा थाना प्रभारी संध्या विश्नोई शामिल रहे।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि माननाथ सिद्ध और जगदीश पारीक ने कहा कि ग्राम पूनरासर मंदिर निर्माण कार्य में हर संभव सहयोग करेगा। ट्रस्ट की ओर से डॉ. गिरिराज हर्ष ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि निर्माण कार्य निरंतर और बिना बाधा के पूरा किया जाए, ताकि विक्रम संवत 2084 की प्रतिपदा पर नव-निर्मित मंदिर का उद्घाटन किया जा सके।
कार्यक्रम में तुलसीदास पुरोहित, सम्पत पारीक और सुभाष आचार्य ने भी मंदिर जीर्णोद्धार में सहयोग की अपील की। कार्यशाला में गांव के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और मंदिर निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में मोटू हर्ष ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ. श्रीकांत व्यास ने सुंदरकांड के दोहों के साथ किया।