डूंगरगढ़ one 26 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन एकीकृत के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर के सभी विभागों में कार्यरत नर्सिंग कार्मिकों ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। नर्सेज ने मेरिट एवं बोनस आधार पर नई नर्सिंग ऑफिसर भर्ती की मांग को लेकर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विरोध संगठन के जिलाध्यक्ष श्योपत गोदारा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ENT अस्पताल, टीबी अस्पताल, हल्दीराम मूलचंद अस्पताल, मानसिक रोग विभाग, ट्रॉमा सेंटर, सुपर स्पेशलिटी, ए-ब्लॉक, जनाना विभाग, बच्चा अस्पताल, कैंसर अस्पताल सहित पूरे पीबीएम परिसर में नर्सिंग स्टाफ ने विरोध में भाग लिया।
जिलाध्यक्ष श्योपत गोदारा ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ की यह लड़ाई लंबी है और इसमें सभी को संगठित रहना होगा। उन्होंने बताया कि जब तक नई नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण तक नहीं पहुंचती, तब तक राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन एकीकृत अपने साथियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
प्रदर्शन में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, प्रोबेशनरी नर्सिंग ऑफिसर, यूटीबी नर्सिंग ऑफिसर एवं निविदा पर कार्यरत नर्सिंग कार्मिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।