श्रीडूंगरगढ़ ONE 3 जनवरी 2026। कस्बे में विकास कार्यों की गंगा बह रही है और गलियों में जगह-जगह नगरपालिका द्वारा नाले डलवाने, सड़क बनवाने के कार्य किए जा रहें है। इस गंगा में आमजन की सुविधा का ध्यान रखना तो दूर उन्हें पीने के पानी के लिए भी तरसा दिया गया है, जिससे लोग आक्रोशित हो गए है। बिग्गा बास में गुमानजी की चक्की के पास इलाके में लोग इस विकास का जबरदस्त विरोध करते हुए अपने घरों के सामने हुए विनाश से मुक्ति दिलवाने की प्रार्थनाएं कर रहें है। यहां लोग पेयजल उपलब्ध करवाने की गुहार लगा रहें है।
यहां करीब 20 दिन पहले गली के बीच में गंदे पानी के लिए पाइप लाइन डालने के कार्य की खुदाई की गई। नाले डालने या सड़क बनाने में गाइडलाइन की धज्जियां तो पूरे शहर में ही उड़ाई जा रही है, परंतु यहां गलत लेवल से नाले डाल देने के कारण कार्य रूक गया है। अब ठेकेदार की इस गलती का खामियाजा मोहल्लेवासी भुगतने को मजबूर है। यहां करीब 25 परिवार और गाय के दो बाड़ों में करीब 50 की संख्या में पशुधन बुरी तरह से परेशान हो गए है। घरों से निकलना तो मुश्किल हो ही गया लोग पीने के पानी के लिए तरस रहें है। ठेकेदार द्वारा पानी की पाइप लाइन तोड़ डाली गई जिससे आपूर्ति तो बंद ही है, परंतु टैंकर आने के लिए गली में जगह भी नहीं है, जिससे लोग टैंकर मंगवा कर आपूर्ति कर सकें। यहां रहने वाले गुमानसिंह भाटी का पांच घरों का परिवार, तोलाराम तिवाड़ी, गौरीशंकर मल, रामकुमार प्रजापत, सूरजाराम नाई, लालूराम नाई, मांगीलाल पटवारी, बजरंग मोदी, किशन मोदी, श्रीनिवास अड़ावलिया, गिरधारीसिंह राजपुरोहित, वासुदेव स्वामी, दुलचंद प्रजापत, मूलचंद प्रजापत सहित अनेक परिवार बुरी तरह से परेशान होकर आक्रोश जता रहें है। लोगों ने पालिका पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए तुरंत गली को ठीक करवाने की मांग कर रहें है। परेशान लोगों ने कहा कि परेशान जनता की सुनवाई नहीं हो रही है और करीब 10 दिन से तो ठेकेदार आया ही नहीं है। लोगों ने संगठित होकर सामूहिक रूप से पानी के लिए विरोध करने की मंशा जताई है। महिलाओं ने आहत होकर बोझिल स्वर में कहा कि पालिका मारने पर तुली हुई है, बिना पानी हर काम मुश्किल हो गया है। घरों में बच्चों व बुजुर्गों की स्थिति दयनीय हो गई है। बुजुर्ग पानी दे देने की गुहार लगा रहें है।
“मैं मौके पर ही जा रहा हूं, लोगों की समस्या का समाधान तुरंत करवाने का प्रयास किया जाएगा, कार्य के ठेकेदार से भी अभी बात करता हूं।” – पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा।
“समस्या की पूरी जानकारी लेकर समाधान का प्रयास करेंगे।” – ईओ व तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा