श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 फरवरी 2026। क्षेत्र के पहलवान आदित्य तावणियां को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता खेलने का बड़ा मौका मिला है। आदित्य अब 10 से 14 फरवरी तक गाजियाबाद में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय ग्रीको रोमन कुश्ती में अपना प्रदर्शन करेंगे।
श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के छात्र आदित्य पुत्र कन्हैयालाल तावणियां ने सीनियर फैडरेशन कप के राज्य स्तरीय कुश्ती ट्रायल में 60 किलो भार वर्ग के ग्रीको रोमन में गोल्ड मेडल जीत लिया है। ये मेडल जीतने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल होने की अर्हता हासिल कर ली है। संस्था के सचिव श्याम महर्षि, उपसचिव रामचंद्र राठी, विजय महर्षि और डॉ. विनोद सुथार ने पहलवान आदित्य का माला पहनाकर मुंह मीठा करवाकर अभिनंदन किया। कॉलेज के खेल प्रशिक्षक मुकेश जांगिड़ सहित सभी ने पहलवान को प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी। प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं यदि सही मार्गदर्शन में अभ्यास करें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं। महाविद्यालय के छात्रों ने भी आदित्य को बधाई दी।