श्रीडूंगरगढ़ ONE 30 जनवरी 2026। अखिल भारतीय किसान सभा के नेता पूर्व विधायक गिरधारी लाल महिया ने पंचायत चुनाव का बिगुल फुंकते हुए किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करने आह्वान किया। महिया ने कांग्रेस और भाजपा को किसान का काम नहीं करने वाले दल बताते हुए कांग्रेस को सांपनाथ और भाजपा को नागराज बताया। उन्होंने माकपा द्वारा क्षेत्र में पालिका और पंचायत चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए, किसान सभा द्वारा पार्टी का पूर्ण समर्थन व सहयोग करने की बात कही। महिया ने किसान व मजदूर की बात आगे बढ़ाने के लिए मजबूती से राजनीति करने की बात कही। सदस्यों से एकता रखने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि किसान सभा की एकता से भाजपा और कांग्रेस भी डरती है। ये बातें महिया ने शुक्रवार को श्रीराम भवन में आयोजित अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील कमेटी के 9वें तहसील सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि गांव गांव किसान सभा को मजबूत किया जाएगा जिससे किसान हित में संघर्ष किया जा सकें। सम्मेलन का प्रारंभ झंडारोहण से किया गया और झंडारोहण सभा के जिला अध्यक्ष गिरधारीलाल महिया, लालचंद भादू एवं तहसील अध्यक्ष भंवरलाल भूवाल ने किया।
सम्मेलन में राज्य कमेटी सदस्य रामप्रसाद जांगिड़ ने वर्तमान समय में लगातार किसान विरोधी नीतियां लागू करने से किसानी पर गहरा संकट खड़ा हो जाने की बात कही। लालचंद भादू ने बीकानेर जिले में नहरी पानी, बिजली संकट, फसल तुलाई में हो रही अनियमितताएं और कुड़की जैसी दमनकारी कार्रवाइयों के खिलाफ सभा द्वारा संघर्ष को मजबूत करने की बात कही गई। तहसील सचिव राजेंद्र जाखड़ ने आगामी 14 फरवरी को आयोजित होने वाले जिला सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान सदस्यों से किया। राज्य कमेटी सदस्य मोहनलाल भादू ने संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए किसान सभा को और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई। कार्यक्रम का मंच संचालन अशोक शर्मा ने किया और सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
तहसील स्तरीय नई कार्यकारिणी का गठन किया।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सम्मेलन में नई तहसील कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें 85 सदस्यों को शामिल किया गया। सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर भंवरलाल भुंवाल, मंत्री राजेंद्र जाखड़, उपाध्यक्ष दौलतराम मेघवाल, नंदलाल बिहाणी, गिरधारीलाल जाखड़, संयुक्त सचिव सत्तूनाथ सिद्ध, मामराज आंवला, पूर्व प्रधान मघाराम मेघवाल, कोषाध्यक्ष गोपाल भादू, मीडिया प्रभारी गौरव टाडा एवं सह मीडिया प्रभारी कैलाश बारूपाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। दो सचिव एवं उपाध्यक्ष पद रिक्त रखे गए। कार्यकारिणी सदस्यों ने एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।
लिए प्रस्ताव, उठाई मांगे।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सम्मेलन के मंच से कई प्रस्ताव लिए गए व कई मांगें उठाई गई। सदस्यों ने किसानों की कर्ज माफी, कृषि कनेक्शनों को लगातार बिजली आपूर्ति एवं बकाया कृषि कनेक्शनों पर लगे ब्याज व पेनल्टी माफ करने की मांगे उठाई गई। साथ ही क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर रोक, ट्रॉमा सेंटर का शीघ्र निर्माण शुरू करने, धीरदेसर चोटियान में शराब बंदी आंदोलन की मांगे तुरंत माने जाने और किसानों को फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग भी शामिल रही। वक्ताओं ने ट्रॉमा सेंटर संघर्ष समिति के संयोजक मदनलाल प्रजापत के 474 दिनों से लगातार चल रहे धरने और संघर्ष की सराहना करते हुए जनहित में आंदोलन जारी रखने की बात कही।