श्रीडूंगरगढ़ ONE 7 फरवरी 2026। सेसोमूं स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए शनिवार को दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। विद्यार्थियों ने समारोह में मिस्टर फेयरवेल के रूप में कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग के छात्र सिद्धार्थ बोथरा और मिस फेयरवेल के रूप में कक्षा 12वीं कला वर्ग की छात्रा दिव्या चौधरी को चुना गया। कक्षा 12 वीं कला वर्ग की छात्रा गुंजन व्यास को भी इस सत्र में शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। प्राचार्य सुब्रत कुंडु ने बताया कि समारोह का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को भावनात्मक संबल प्रदान करना रहा। कुंडू ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय जीवन की दिशा तय करने वाला होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। कुंडु ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर फरियाद अली काजी एवं रामनिवास बेनिवाल ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी उपयोगी सुझाव देते हुए उन्हें तनावमुक्त रहकर लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परिश्रम, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।