श्रीडूंगरगढ़, 2 दिसंबर, 2025। श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ चोरों ने श्रीभगवान सोमानी के घर में सेंध लगाई और सोते हुए श्रीभगवान को कमरे में बंद कर पूरे घर को छान मारा।
घटना का विवरण कुछ इस प्रकार है: श्रीभगवान कालूबास में रहते हैं और उनके भाई का घर उनके घर के ठीक सामने है। पैर में चोट लगने के कारण श्रीभगवान रात 11 बजे तक अपने भतीजे के साथ दुकान के हिसाब-किताब का मिलान कर रहे थे। भतीजा, चाची के घर पर नहीं होने के कारण, बाहर से ताला लगाकर अपने घर चला गया, जो सामने ही स्थित है। श्रीभगवान के अनुसार, रात दो बजे वे बाथरूम जाने के लिए उठे और वापस आकर सो गए। इसके बाद किसी ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया।
सुबह जब उनकी आँख खुली, तो उन्हें चोरी की वारदात का पता चला। चोर घर के बाहर लगे ताले को कुंडे सहित उखाड़कर अंदर घुसे और पूरे घर की अलमारियाँ, बेड और संदूकें खंगाल डालीं। उन्होंने सामान निकालकर बाहर फेंक दिया। अनुमान है कि चोर छत के रास्ते से बाहर निकले। छत पर मिले पैरों के निशान से यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरी में 15-16 साल का कोई किशोर भी शामिल था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि चोरी में नुकसान तो बहुत अधिक नहीं हुआ है, लेकिन चोरों ने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह श्रीभगवान के भाई कमल सोमानी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, इस घटना के संबंध में अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने घटना पर रोष जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कालूबास एक घनी आबादी वाला इलाका है और इस तरह की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। इस दुस्साहसी चोरी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।