श्रीडूंगरगढ़, 19 नवम्बर, 2025। भाग संख्या 87 में इन दिनों मतदाता सूची परिगणना का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। इस कार्य में लगे बीएलओ जितेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि उनकी टीम ने निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक सफलता हासिल की है। वार्ड 29 और 33 के कुल 1273 मतदाताओं में से 800 से अधिक मतदाताओं के प्रपत्र ऑनलाइन किए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
कार्यालय में इन दिनों मतदाताओं की चहल-पहल बनी हुई है, जहाँ बीएलओ उन्हें प्रपत्र भरने में मदद कर रहे हैं। इस कार्य में सीताराम गोदारा और शंकरलाल जड़िया सहायक बीएलओ के रूप में अपना योगदान दे रहे हैं। गोदारा जी बताते हैं कि वे मतदाताओं को पूरी जागरूकता के साथ प्रपत्र भरवा रहे हैं, वहीं जड़िया जी का कहना है कि उनकी टीम घर-घर जाकर हर मतदाता को प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित कर रही है।
बीएलओ जितेंद्र सोनी ने बताया कि अब आम मतदाताओं में भी जागरूकता बढ़ रही है और वे स्वयं आगे आकर अपने दस्तावेज पूरे करवा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एसडीएम शुभम शर्मा के निर्देशन में यह पूरा कार्य सुचारू और व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। टीम इंचार्ज तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा और सुपर वाइजर राजू शर्मा समय-समय पर टीम को मार्गदर्शन दे रहे हैं। सोनी जी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए उनके दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी निःशुल्क की जा रही है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से मतदाताओं का कार्य त्वरित रूप से निष्पादित किया जा रहा है।
इस परिगणना कार्य में जसकरण सोनी और गोपी सोनी स्वयंसेवक कार्यकर्ता के रूप में सहयोग दे रहे हैं। निश्चित रूप से, यह परिगणना कार्य श्रीडूंगरगढ़ में लोकतंत्र को और भी मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।