श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 दिसंबर 2025। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नई चेतना 4.0 के रूप में एक राष्ट्रीय अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकना, उनकी सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ के सोनियासर मीठिया में स्थित राजीविका के प्रगति सीएलएफ कार्यालय में महिलाओं ने बालक व बालिका में भेद नहीं करने, समानता को बढावा देने, महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मानजनक आवागमन एवं ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े नारे लगाए गए। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने लैंगिक भेदभाव एवं हिंसा से पीड़ित महिलाओं की सहायता और समर्थन के लिए आगे आने की शपथ ली। शपथ कार्यक्रम बाद सामुदायिक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने क्षेत्र में महिलाओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की। कार्यक्रम में ब्लॉक परियोजना प्रबंधक रघुनाथ डूडी ने नई चेतना अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल के माध्यम से वित्तीय साक्षरता, आजीविका संवर्धन एवं घरेलू कार्यों में समान जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जागरूकता का संचार किया जा रहा है। कार्यक्रम में राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा धनेरू के प्रबंधक युधिष्ठर खत्री, सीएलएफ अध्यक्ष सम्पू देवी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर सुमित्रा, मिरगा एवं लीला, डीईएस सोना राईका, शोषण सखी इन्द्रा कंवर, गंगा मेघवाल सहित स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।