श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 12 दिसंबर 2025। क्षेत्र में चोरों की दबंगाई दिन दूनी और रात चौगुनी बढ़ रही है, घर में ही सो रहें परिवार के निकट ही चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घर में रखे सारे सोने चांदी के गहने व नगदी चोरी कर पार हो गए।
गांव ऊपनी में सीताराम पुत्र नेमाराम जाट के घर बुधवार रात करीब 3 बजे चोर घुस गए। परिवार घर में ही बाहर के कमरे में सो रहा था। कमरे के पास ही घर का मुख्य दरवाजा था। चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुसे और अंदर के कमरों से चार बक्शे उठाकर घर के पीछे ले गए। बक्शे वहीं फैंक गए और उनमें से सोने चांदी के गहने नगदी लेकर पार हो गए। परिवादी ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि वह 3 बजे जागा तो उसने देखा घर का गेट खुला पड़ा है और संदूके घर के पीछे पड़ी है। चोरों ने चार जोड़ी पायल, सोने के 6 फुलड़े, सोने का मंगलसूत्र, एक कंठी, ठूस्सी, पांच सोने की अंगूठियां, एक सेट, चांदी के कड़े, आवंले, चांदी के हाथ के आड़, चांदी की काठी और करीब 40 हजार रूपए नगदी लेकर पार हो गए। सूचना मिलने पर एसआई रतनलाल अलसुबह ही तुरंत मौके पर पहुंचे और चोरों की खोजबीन का प्रयास शुरू किया। रतनलाल ने बताया कि मामले की बारिकी से तफ्दीश की जा रही है। गांव भर में लोगों में डर का माहौल है और चारों और चोरों की दबंगाई व हिमाकत की चर्चा है। ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में गश्त करने की मांग की है। बता देवें कालू बास में भी गत दिनों घर में सोते हुए घर मालिक के कमरे को बाहर से बंद कर चोरी की वारदात को चोरों ने अंजाम दिया।