आनंद जोशी, जिन्होंने गौसेवा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बना लिया है, वर्षों से इस क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनका यह सम्मान निश्चित रूप से उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा जो समाज सेवा और गौसेवा के प्रति समर्पित हैं।
सम्मान की घोषणा के बाद आनंद जोशी ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। मैं उपमुख्यमंत्री जी का हृदय से आभारी हूँ। यह सम्मान मुझे समाज और गौसेवा के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देगा।”
यह समारोह अजमेर में एलिजा ग्रुप द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर मल्टी स्पेशलिटी वी डायग्नोस्टिक सेंटर का उद्घाटन भी होगा। एलिजा ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर साहिल कलाल ने बताया कि उनका उद्देश्य ऐसे निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने वाले लोगों को सम्मानित करना है, जिससे उनका मनोबल बढ़े और समाज में सेवा का एक सकारात्मक संदेश जाए।
सूत्रों के अनुसार, इस समारोह में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चुने गए कुल 10 समाजसेवकों को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश भर से कई गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।