श्रीडूंगरगढ़, 21 नवंबर 2025। वृंदावन के सुप्रसिद्ध संत, आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी महाराज पहली बार श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में अपनी भागवत कथा का अमृत रस बरसाने आ रहे हैं। यह खबर क्षेत्रवासियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी महाराज, जो विगत 25 वर्षों से भागवत वाचन में लीन हैं, न केवल संस्कृत के प्रकांड पंडित हैं, बल्कि संगीत कला में भी पारंगत हैं। उनकी वाणी में ऐसा माधुर्य है कि श्रोता मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। पूरे देश में उनके प्रवचनों की धूम है और वे श्रेष्ठ भागवत वाचकों में गिने जाते हैं।
ऐसे दिव्य संत की कथा श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित कराने का संकल्प राधाकृष्ण करनाणी परिवार ने लिया है। श्रीडूंगरगढ़ के निवासी, जो वर्तमान में दिल्ली में निवास कर रहे हैं, यह परिवार 17 दिसंबर से 23 दिसंबर तक इस भव्य कथा का आयोजन करेगा।
कथा का आयोजन नेशनल हाईवे पर स्थित गांव शेरूणा के होटल तेजा गार्डन में किया जाएगा। इस विशाल आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में अभी से उत्साह का माहौल है। आयोजन की तैयारियां ज़ोरों पर हैं और कथा सुनने के लिए एक विशाल डोम का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ श्रद्धालुओं के बैठने की उत्तम व्यवस्था होगी। यह आयोजन निश्चित रूप से श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्म का एक नया अध्याय लिखेगा।