श्रीडूंगरगढ़ ONE 25 अप्रैल 2026। गत सीजन में की गई मूंगफली व इस सीजन में की गई गेंहू की फसल का हिस्सा पांति नहीं देने व हिस्सा पांति मांगने पर मारपीट कर धमकाने के आरोप में श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है।
थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि बिग्गाबास रामसरा निवासी सरोज पत्नी गोपीचंद मेघवाल ने जैसलसर निवासी खेत मालिक कानाराम पुत्र उदाराम जाट, उसका भाई रामचंद्र, बेटा कृष्ण, पत्नी मंजू, बेटी सुमित्रा के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने गांव जैसलसर की रोही में अभयसिंहपुरा मार्ग पर स्थित आरोपी का खेत काश्त पर ले रखा है। उसने बताया कि जब हमने खेत में मूंगफली की फसल ली और हिस्सा पांति मांगा, तो खेत मालिक ने कहा कि आपको कुछ तो दिए हुए है और बाकि का हिसाब कणक के समय कर लेंगे। जब उन्होंने गेहूं व अन्य फसल काश्त कर ली तो कानाराम ने पूरा हिसाब गेहूं की फसल निकालने के बाद करने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि 21 अप्रैल की शाम करीब 6.30 वह ढाणी में थी और उसका पति अपने हिस्से की गेहूं की फसल का भुसा पिकअप में डाल रहा था। तभी आरोपी मौके पर आए व गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। जब वह बीच बचाव करने लगी तो उसके साथ मारपीट करते हुए बदसलूकी की। आरोपियों ने हिसाब मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता व उसके पति ने दूसरे खेत की ढाणी में जाकर जान बचाई। आरोपियों ने उसकी ढाणी में घुसकर तोड़ फोड़ की व पीड़िता के पहनने के सोने के लूंग व पायल वहीं रह गई, जो आरोपियों ने नहीं लौटाई है। पीड़िता ने अपनी मेहनत का हिस्सा पांति दिलवाने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक को दी है।