श्रीडूंगरगढ़ ONE 20 दिसंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के परिसीमन के बाद अब गांवो में वार्डों के पुनर्सीमांकन का कार्य किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को पंचायत समिति परिसर में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वार्ड गठन कार्य की जिम्मेदारी पटवारी व ग्राम विकास अधिकारियों को दी है। वहीं सहयोगी के रूप में बीएलओ को भी दायित्व दिया गया है। शर्मा ने निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में वार्ड गठन का कार्य समय पर संपादित करने और नजरी नक्शा व निर्धारित प्रपत्रों में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार रमेशसिंह चौहान ने बताया कि सभी संबंधित पटवारी, ग्रामविकास अधिकारी और बीएलओ इस समयबद्ध इस कार्य को पूर्ण सूचिता से करेंगे। सभी पर्यवेक्षक अधिकारी इस कार्य में पर्यवेक्षण करके कार्य करवाएंगे। निर्वाचन शाखा के भव्य कटारिया ने बताया कि डीएलएमटी पवन माली, एएलएमटी नौरत मल शर्मा, डॉ मनीष कुमार सैनी ने प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही विधानसभा श्रीडूंगरगढ़ के इस कार्य से संबंधित बीएलओ को भी आज गूगल मीट के माध्यम से नौरत मल शर्मा, एएलएमटी ने प्रशिक्षण दिया। संभागी पंजीकरण पूरब चन्द द्वारा किया गया। निर्वाचन शाखा से मुकेश झरवाल, लीलाराम मीणा, आशीष कुमार और अविनाश कठानीया उपस्थित रहें।
सर्वाधिक वार्ड होंगे मोमासर में, तीन हजार की जनसंख्या पर होंगे सात वार्ड।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। निर्वाचन शाखा के भव्य कटारिया ने बताया कि तीन हजार की जनसंख्या वाली ग्राम पंचायत में सात वार्ड रखे जाएंगे। वहीं तीन हजार से अधिक जनसंख्या वाले गांवो में प्रति एक हजार पर दो वार्डों की बढ़ोतरी होगी। वार्डों की कुल संख्या विषम संख्या में रखी जाएगी। इसी क्रम में विदित रहें क्षेत्र में सर्वाधिक वार्ड मोमासर में होंगे। मोमासर में संभावित 29 वार्ड होंगे।