श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 फरवरी 2026। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस 4 फरवरी को इंदपालसर हथाना बास में एक बड़ी चोरी की वारदात में पुलिस ने 14 दिन में दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदपालसर हथाना बास में फिल्मी स्टाइल में छत का जाल उतार कर रस्सी के सहारे नीचे उतर कर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारिक के सुपरविजन में थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव के निर्देशन में जांच टीम का गठन किया गया। जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल बलवीर सिंह, कांस्टेबल पूनित, जयप्रकाश, अभिषेक, चंद्रपाल, रामनिवास डीआर और अशोक कुमार ने अज्ञात चोरों की लगातार तलाश की और आखिरकार कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। पूरे प्रकरण में कांस्टेबल पुनीत की सराहनीय भूमिका रही। जांच अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साधनों और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए लूणकरणसर के गारबदेसर निवासी 30 वर्षीय सीताराम पुत्र धर्मदास स्वामी और 34 वर्षीय नत्थूदास उर्फ नत्थुराम पुत्र पूर्णदास स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कालू थाना क्षेत्र से दस्तयाब कर गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है।