शिवमहापुराण कथा में गौसेवा का दिया संदेश।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सनातन मुक्तिधाम में आयोजित शिव महापुराण कथा में कथा वाचक संतोष सागरजी ने कथा के सातवें दिन श्रद्धालुओं को गौसेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का मूल गाय है, गाय जीवन आधार है और गौसेवा में दिया सहयोग धर्म सेवा है। कथा वाचक ने द्वादश ज्योर्तिलिंग की उत्पत्ति एवं पूजा विधान विस्तार से बताया। उन्होंने शिवरात्रि महोत्सव की महिमा का वर्णन किया। सातवें दिन की कथा के मुख्य यजमान नारायण सोमाणी परिवार सहित कथा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण का लाभ लिया। कथा संपन्न होने के बाद शोभायात्रा का आयोजन हुआ जिसमें जुलूस के साथ श्रद्धालुओं ने कथा को सीताराम मंदिर पहुंचाया। विदित रहें कथावाचक संतोष सागर जी के सान्निध्य में आज रात चार प्रहर पूजन भी कथा स्थल पर आयोजित होगा।
गुसाईंसर बड़ा गौशाला में महाशिवपुराण कथा प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गांव गुसाईंसर बड़ा की श्रीकृष्ण गौशाला समिति प्रांगण में महाशिवरात्रि के महापर्व पर महाशिवपुराण कथा प्रारंभ हुई। यहां पहले ही दिन शिव विवाह की सुदंर झांकी सजाई गई। कथा वाचक नंदकिशोर शास्त्री ने कथा के माहात्म्य का वर्णन किया और गौसेवा का महत्व बताया। समिति सदस्यों ने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण का लाभ लेने के साथ गौशाला में दृष्टिहीन गौवंश के दर्शन करने का आग्रह किया।
कोटासर की गौशाला में मनाया महाशिवरात्रि का पर्व।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गांव कोटासर की श्री करणी गौशाला में महाशिवरात्रि का पर्व उल्लास के साथ नंदी पूजन और गौसेवा कर मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन में शामिल हुए और सुख समृद्धि की कामना की। अनेक दानदाताओं ने गुड़ और मूंग चूरी के भंडारे का भोग गौवंश को लगाया। इस अवसर पर अमरसिंह पड़िहार, मदनसिंह चौहान, ओमसिंह भाटी, मालचंद जोशी, रामचंद्र मुंड, हरिराम मुंड आदि ने नंदी का पूजन किया। श्रद्धालु हरिराम मुंड भी परिवार सहित गौशाला पहुंचे और गौवंश को गुड़ व पक्षियों के बाजरी चुग्गे का सहयोग दिया। हाडलां निवासी छैलूसिंह पुत्र पर्वतसिंह राठौड़ ने भी महाशिवरात्रि के पर्व पर मूंग चूरी भंडारा गौवंश को खिलाया। दिनभर गौशाला में श्रद्धालुओं की रौनक रही गौशाला समिति ने सभी का आभार जताया।
धोरा की ढाणी में महाशिवरात्रि के पर्व पर भरा विशाल मेला।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। श्रीडूंगरगढ़ के निकटवर्ती धोरां की ढाणी में रेंवतरमण जी महाराज धाम पर रविवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर विशाल मेला भरा। मेले में श्रीडूंगरगढ़ अचंल से भी सैंकड़ों श्रद्धालु पहुंचे और धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगी। बता देवें यहां 6 फरवरी से 16 फरवरी तक 121 कुण्डीय श्री रूद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आज विशाल जनसमूह दर्शन पूजन के लिए शामिल हुआ। कल समारोह संपन्न होगा।