श्रीडूंगरगढ़ ONE 3 फरवरी 2026। क्षेत्र के गांव गोपालसर में पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर गांव में शिव मंदिर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ जलदाय विभाग के अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहें भानीसिंह भाटी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से जलदाय विभाग के एईएन और जेईएन से लगातार संपर्क कर उन्हें अपनी समस्या बताकर समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। आज तो दोनों अधिकारियों ने अपने फोन भी स्विच ऑफ कर रखें है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में शामिल ओमसिंह का कहना रहा कि दो सौ घरों की आबादी वाले गोपालसर गांव के पचास घर की पेयजल आपूर्ति शिव मंदिर में बनी टंकी से होती है। लेकिन इस टंकी पर कार्यरत प्राईवेट कर्मचारी ने पिछले 15 दिनों से जानबूझकर गोपालसर गांव के 50 घरों को पानी देना बंद कर दिया। इस कारण पानी की समस्या बनी हुई हैं। विभागीय अधिकारियों को कई बार जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में 50 से अधिक परिवारों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। बता देवें दुलचासर-गोपालसर गांव के सीमा पर बनी पानी टंकी से दुलचासर गांव में पेयजलापूर्ति की जाती है।