उपखंड प्रशासन ने दस्तावेजों सहित उपस्थित होने की अपील की
डूंगरगढ़ one 28 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बीकानेर के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत नो-मैपिंग (No Mapping) वाले मतदाताओं की सुनवाई लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके लिए यह अंतिम अवसर है।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि SIR के परिगणना चरण में जिन निर्वाचकों की पिछली निर्वाचक नामावली से स्वयं, माता-पिता या दादा-दादी के स्तर पर मैपिंग नहीं हो पाई है, ऐसे मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आयु अनुसार मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इसके लिए उन्हें उपखंड अधिकारी कार्यालय/तहसील कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ में संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेज जमा कराने होंगे।
नायब तहसीलदार (निर्वाचन) रमेश सिंह चौहान ने बताया कि नोटिस की सुनवाई भागवार की जा रही है।
- भाग संख्या 01 से 76 एवं 147 से 182 तक के मतदाताओं की सुनवाई भागवार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष,
- भाग संख्या 183 से 294 तक की सुनवाई नायब तहसीलदार (राजस्व), श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष तहसील कार्यालय में,
- जबकि भाग संख्या 77 से 146 तक के मतदाताओं की सुनवाई निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष की जा रही है।
प्रशासन ने अपील की है कि जिन नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे नोटिस की प्रति एवं निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन अवश्य करवाएं, अन्यथा नाम मतदाता सूची से हटने की कार्रवाई हो सकती है।