पूरा काम- पूरा दाम नहीं मिला तो आंदोलन रहेगा जारी
डूंगरगढ़ one 16 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व में निकाली जा रही मनरेगा बचाओ महासंग्राम यात्रा शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लखासर, सेरूणा, पूनरासर और बींझासर गांवों में पहुँची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर, ग्रामीण और किसान शामिल हुए।
गांव-गांव आयोजित सभाओं में मजदूरों ने एक स्वर में कहा कि जब तक पूरा काम और पूरी मजदूरी नहीं मिलेगी, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा। यात्रा के स्वागत में उमड़े जनसमूह ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि मजदूर अपने अधिकारों के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गोदारा ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों की आजीविका का प्रमुख आधार है, लेकिन मजदूरों को न तो समय पर मजदूरी मिल रही है और न ही पूरे 100 दिन का रोजगार। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
यात्रा के दौरान नारे गूंजते रहे-
“हक मांगने से नहीं, लड़ने से मिलता है”
“मजदूर एकता की यही पुकार, काम दो या छोड़ो सरकार”
मजदूरों की प्रमुख मांगें
- मजदूरी का समय पर भुगतान
- मनरेगा के तहत पूरे 100 दिन का रोजगार
- मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की गारंटी
इस अवसर पर लखासर से गोरधन खिलेरी भी यात्रा के साथ मौजूद रहे। यात्रा के अगले चरण में अन्य गांवों में भी जनसंपर्क किया जाएगा।