श्रीडूंगरगढ़ ONE 8 जनवरी 2026। गुरूवार को अंचल में हल्की धूप निकली परंतु धूप बेअसर रही और शीतलहर ने कंपकंपी छुड़ा दी है। आमजन जन जीवन कड़ाके की ठंड से प्रभावित है। सुबह शाम कोहरे ने सड़कों पर रफ्तार को बाधित कर दिया है वहीं अस्पतालों में जुकाम बुखार के मरीजों का तांता लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्दी के रिकॉर्ड टूट गए है और शीतलहर का प्रकोप जारी है। ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ में संचालित रैन बसेरे की सुध लेने गुरूवार को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आरजेएस हर्ष कुमार मौके पर पहुंचे। हर्ष कुमार ने रैन बसेरे को औचक निरीक्षण किया व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हर्ष कुमार ने लोगों को शीतलहर से सावधान रहने की अपील करते हुए जरूरतमंद को रैन बसेरे में भेजने का आग्रह किया। उन्होंने पालिका कार्मिकों को रैन बसेरा में सुविधाओं का विस्तार करने, यहां आने वाले सभी जरूरतमंदो को सम्मान देने, भारी सर्दी में उन्हें किसी प्रकार की तकलीफ नही होने की बात कही। इस दौरान एसीजेएम के निजी सहायक सतीश जांगिड़, तालुका विधिक समिति के सचिव जगदीश चौधरी, एडवोकेट अनिल धायल, गौरव टाड़ा भी साथ रहें। वहीं बता देवें उपखंड प्रशासन ने भी शीतलहर प्रकोप प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम बनाया है और तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को जिम्मेदारी देते हुए सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए है। कंट्रोल रूम के हेल्पलाईन नबंर 9784662568 और 01565 223672 जारी किए है।