श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 जनवरी 2026। कस्बे के मुख्य बाजार में जूते खरीदने आए एक युवक ने अपने तीन दोस्तों को बुलाया और चारों ने दुकान में हंगामा मचाते हुए स्टाफ का सिर फोड़ डाला। दुकानदार ने थाने पहुंच चारों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
देवनारायण कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय हड़माननाथ पुत्र हजारीनाथ सिद्ध ने पुलिस को बताया कि उसकी मैन मार्केट में जूतों की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे उसकी दुकान पर कालूबास निवासी प्रदीप भार्गव आया। परिवादी ने कहा कि आरोपी पहले भी उसकी दुकान पर उसकी दुकान पर झगड़ा कर चुका था तो परिवादी ने उसे जूते देने से मना कर दिया। युवक ने अपने दोस्त आड़सर बास निवासी विजेंद्र सिंह, अमित स्वामी, विष्णु भार्गव को बुलाया और चारों दुकान में आए। दुकानदार ने चारों को जूते देने से मना कर दिया तो चारों जबरदस्ती दुकान के अंदर बाहर आने जाने लगे। चारों ने जूते नहीं देने पर दुकानदारी खराब कर देने व जान से मारने की धमकी दी। परिवादी ने बताया कि दुकान पर आए ग्राहकों ने भी इन्हें समझाने की कोशिश की परंतु आरोपी नहीं माने और उसके साथ धक्कामुक्की करते हुए मारपीट करने लगे। उसके स्टाफ का शेराराम बीच बचाव करने लगा तो चारों उसे पीटने लगे, आरोपी विजेंद्र दुकान के बाहर से लोहे का कुंडा लाया और शेराराम के सिर पर दे मारा। जिससे उसका सिर फुट गया व आंख के पास गंभीर चोट आई। दुकान में खून ही खून फैल गया तो आरोपी मौके से भाग छुटे। परिवादी ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल बलवीरसिंह के सुपुर्द कर दी है।