डूंगरगढ़ one 29 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के तत्वावधान में जप-अभ्यर्थना 2.0 के अंतर्गत देश और नेपाल की 368 तेरापंथ युवक परिषदों में 15 दिसंबर से 6 फरवरी 2026 तक 54 दिनों का अखण्ड जप आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में तेरापंथ युवक परिषद, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा शनिवार 27 दिसंबर को सायं 6 बजे से प्रातः 6 बजे तक 12 घंटे का निरंतर जप संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 25 युवा साथियों ने सहभागिता की और “ॐ भिक्षु जय तुलसी” मंत्र का तन्मयता से जप किया।
अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने बताया कि यह आयोजन तेरापंथ के आद्य प्रवर्तक महामना आचार्य श्री भिक्षु के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष एवं तेरापंथ के विकास पुरुष गणाधिपति आचार्य श्री तुलसी के दीक्षा शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और किशोरों को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है।
राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी ने कहा कि अभातेयुप द्वारा पहली बार 54 दिनों तक अखण्ड जप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारत देश-नेपाल के युवा और किशोर लगातार सहभागिता कर रहे हैं।
तेरापंथ युवक परिषद, श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू ने बताया कि अभातेयुप के निर्देशन में परिषद ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा भाव से जप क्रम संपन्न किया। मंत्री पीयूष बोथरा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर साध्वी संगीतश्री एवं साध्वी डॉ. परमप्रभा ने प्रेरणादायक उद्बोधन देते हुए कहा कि जप और तप के माध्यम से युवा पीढ़ी को अध्यात्म की धारा से जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है।