डूंगरगढ़ one 28 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं द्वितीय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नवदीप सिंह बैंस एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. मंजू मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
समापन दिवस की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुई। प्रथम सत्र में श्री शक्ति सिंह राजपुरोहित ने स्वयंसेवकों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया, जिसमें शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनने की तकनीकें सिखाई गईं।
द्वितीय सत्र में साइबर सेल बीकानेर के प्रोग्रामर शिव कुमार शर्मा ने साइबर क्राइम व ऑनलाइन ठगी से बचाव पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल एप, व्हाट्सएप व सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी।
तृतीय सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमारी एवं डॉ. हिमांशु कांडपाल ने स्वयंसेवकों को माय भारत पोर्टल की जानकारी दी और इससे जुड़कर सरकारी योजनाओं व प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रक्रिया समझाई।
अंतिम सत्र में सप्ताहभर की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमारी, डॉ. हिमांशु कांडपाल सहित महाविद्यालय कर्मचारी श्री सुरेश उपस्थित रहे।