श्रीडूंगरगढ़ ONE 24 दिसंबर 2025। आड़सर बास में स्थित संस्कार इनोवेटिव स्कूल में तालुका समिति द्वारा विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें किशोर बालक व बालिकाओं को डिजिटल सुरक्षा व नाबालिग से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
एडवोकेट अनिल धायल ने बच्चों को मौलिक अधिकार के बारे में कानूनी जानकारी दी। धायल ने कहा कि आज के युग में युवा हो रहें किशोरों व किशोरियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना होगा, जिससे वे किसी फ्रॉड से बच सकें। ऐसे में बच्चे बिना किसी दबाव में आए अपनी सुरक्षा को ही प्राथमिकता देवें। धायल ने नए कानूनों सहित बच्चों से संबंधित कानून व सरकार द्वारा आमजन को सुलभ न्याय दिलवाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान समिति के सचिव जगदीश चौधरी ने कहा कि आज के युग में रोजमर्रा के जीवन में भी सामान्य कानूनों की जानकारी होना आवश्यक हो गया है। ऐसे में युवा सचेत व जागरूक रहें। इस दौरान एडवोकेट ओमप्रकाश मिडल, गौरव टाड़ा, मघाराम सारण ने भी विचार व्यक्त किए। स्कूल के डायरेक्टर मनोज गुसाईं ने तालुका समिति सदस्यों का सम्मान करते हुए आभार जताया। इस दौरान कक्षा 6 से 12वीं तक के छात्र छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।