डूंगरगढ़ one 24 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीकानेर में बुधवार को विधि विद्यार्थियों के लिए जागरूकता व्याख्यानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. भगवाना राम विश्नोई ने की।
कार्यक्रम में पहला व्याख्यान “भारतीय ज्ञान परंपरा” विषय पर हेमसिंह शेखावत ने दिया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके मूल सिद्धांतों तथा आधुनिक समाज व विधिक शिक्षा में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा नैतिकता, कर्तव्यबोध और सामाजिक उत्तरदायित्व की मजबूत नींव प्रदान करती है।
दूसरा व्याख्यान कृषि एवं रोजगार विषय पर डॉ. अमित कुमावत ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़ी मूलभूत जानकारियाँ देते हुए प्रदेश के विभिन्न अंचलों में उत्पादित फसलों की उपयोगिता बताई। साथ ही कृषि से संबंधित छात्रवृत्तियों, कृषि बीमा योजनाओं, कृषि ऋण प्रक्रिया तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं जैसे आत्मनिर्भर योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी। उन्होंने काले गेहूं (ब्लैक व्हीट) की किस्म, उसकी उपयोगिता तथा सेरीकल्चर, हॉर्टिकल्चर और बीकीपिंग जैसे वैकल्पिक रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. मीनाक्षी कुमावत ने कहा कि ऐसे विषय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, जिससे वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझ सकें। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पूजा छिपा ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।