डूंगरगढ़ one 22 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान के तहत निर्वाचक साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से शिक्षण संस्थानों में दो दिवसीय क्लस्टर कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम सोमवार 22 दिसंबर से मंगलवार 23 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है।
ब्लॉक स्तरीय ईएलसी नोडल प्रभारी रतन लाल शर्मा, प्राचार्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रूपादेवी मोहता, श्रीडूंगरगढ़ ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ के अंतर्गत राजकीय व निजी महाविद्यालयों तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ईएलसी प्रभारी के नेतृत्व में कैंपस एंबेसेडर, एनसीसी, एनएसएस वॉलेंटियर्स एवं बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के सहयोग से मतदाता जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं।
इन क्लस्टर कैंपों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
श्रवण कुमार मोटसरा, एएलएमटी ने बताया कि कैंप के दौरान युवाओं को ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण पोर्टल की जानकारी दी जा रही है तथा पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा बीएलओ के माध्यम से फॉर्म संख्या-6 एवं घोषणा पत्र (अनुलग्नक-4) आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरकर मतदाता पंजीकरण करवा सकते हैं।
इसके साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 17 प्लस आयु वर्ग के युवा अग्रिम रूप से भी पंजीकरण करा सकते हैं।