श्रीडूंगरगढ़ 15 दिसंबर 2025। सोमवार सुबह क्षेत्र में बिजली विभाग काम करो के नारे गूंजे और किसानों ने समय पर सुनवाई नहीं करने का विरोध जताया। क्षेत्र के गांव ऊपनी की रोही में सोमवार सुबह फाल्ट निकालने पहुंचे दल को किसानों ने जमकर आक्रोश जताया। ऊपनी के किसान नेता रत्तीराम गोदारा ने बताया कि ऊपनी जीएसएस के छींपाटोकी फीडर से तार टूटे तीन दिन हो गए। बिजाई का समय होने के कारण किसान लगातार तीन दिन से विभाग में स्थानीय अधिकारियों से लेकर जोधपुर तक संपर्क कर समस्या के निस्तारण की मांग की। रविवार शाम किसानों ने कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई तो सोमवार सुबह रोही में ठेकाकर्मी तार जोड़ने पहुंचे। इस पर नाराज किसानों ने जमकर आक्रोश जताया। किसानों ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। गोदारा ने आरोप लगाते हुए बताया कि विभागीय अधिकारी समय पर सुनवाई नहीं करते है।
दुलचासर रोही में बदले 6 जर्जर पोल।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। दुलचासर रोही के बासी महियान फीडर के दस जर्जर पोल में छह पोल बिजली विभाग ने रविवार को बदल दिए। इस संबंध में श्रीडूंगरगढ़ ONE ने करंट से उतर रहा करंट के साथ प्रभावी ढंग से समस्या का प्रकाशन किया। विभागीय अधिकारी सुशील छींपा ने बताया कि छह पोल बदल दिए गए है व अन्य तीन चार पोल फसल निकलने के बाद बदले जाएंगे क्योंकि किसानों ने बुवाई कर ली है। किसान कालूराम महिया सहित यहां किसानो ने बिजली कर्मियों की टीम का आभार भी जताया।
सेरूणा के किसानों ने जर्जर पोल बदलने की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। सेरूणा सैकंड जीएसएस के खेताराम फीडर में करीब एक दर्जन पोल जर्जर है। किसानों ने बताया कि पूर्व में छह पोल बदले गए परंतु अभी भी लाइन के एक दर्जन पोल बिल्कुल जर्जर हो चुके है। जिससे दुर्घटना की आशंका भी मंडरा रही है। किसान राम गोदारा, ईमरताराम साईं, मदनलाल खाती, अमरचंद के खेत में खड़े जर्जर पोल बदलने की मांग इन किसानों ने की है। राम गोदारा ने बताया कि लगातार विभाग से इन जर्जर पोलों को बदलने की मांग की जा रही है।