श्रीडूंगरगढ़, 9 नवंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आज श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदाता गहन पुनरीक्षण (बीएलए-2) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश संयोजक (विधि प्रकोष्ठ) सौरभ सारस्वत ने अपने संबोधन में कहा कि यह मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान केवल एक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आमजन में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब आम नागरिक जागरूक होकर पुनरीक्षण में अपना योगदान देंगे, तभी लोकतंत्र सही मायने में सशक्त होगा।
सारस्वत ने भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का यह कर्तव्य है कि वह समाज में मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करे और इस प्रक्रिया में उनकी हर संभव सहायता करे।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का सदस्य होने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है और विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे जनकल्याण और विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि ये कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यशाला में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, मोर्चा जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, मोमासर मंडल अध्यक्ष नरेश मोट, देहात मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और भाजपा बीएलए उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।