WhatsApp Menu
सोलर प्लांट के लिए फिर चली आरी, दो रातों में काट डाले 100 खेजड़ी के पेड़, ग्रामीणों में रोष।  |  एक ही रात में खेत से पट्टी गेट हुए चोरी, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज।  |  जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित, कर्नल नैण ने जीवन में नियमित खेल को शामिल करने की प्रेरणा दी  |  सच्चे भक्तों के गुणगान से गूंजा नेहरू पार्क, कल होगा कृष्ण जन्मोत्सव  |  मातृ शक्ति व दुर्गा वाहिनी की नई कार्यकारिणी घोषित, धर्म यात्रा में अधिक सहभागिता का आह्वान, देखें फ़ोटो  | 

एक ही मोहल्ले के चार घरों में घुसे चोर, तोड़े ताले, गहने-नगदी के साथ नए कपड़े तक ले गए चोर

श्रीडूंगरगढ़, 4 नवंबर 2025। गुसाईंसर बड़ा गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक ही मोहल्ले में चार घरों को निशाना बनाया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है और पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने किसान सीताराम जाट, रजादेवी नायक, गुड्डी देवी नायक और जड़ावदेवी नायक के घरों में ताले तोड़कर प्रवेश किया। चोर गहने, नकदी और नए कपड़े सहित लाखों रुपये का सामान ले उड़े।

सीताराम जाट ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ ढाणी में खेत का काम करते हैं। कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके कारण वह श्रीडूंगरगढ़ के अस्पताल में भर्ती थे। जब वह 2 नवंबर को अपने गांव के घर लौटे, तो उन्होंने घर को अस्त-व्यस्त पाया और संदूकों से 15 हजार रुपये नकद और करीब एक दर्जन नई साड़ियां गायब थीं।

वहीं, रजादेवी नायक के घर में, जब परिवार सो रहा था, चोरों ने चुपके से प्रवेश किया और एक छोटी संदूक का ताला तोड़कर सोने की रखड़ी, एक अंगूठी, दो जोड़ी चांदी के कड़ले, एक जोड़ी चांदी की पायल और चांदी के बाजूबंद चुरा लिए।

गुड्डी देवी नायक के घर से चोरों ने सोने की रखड़ी, दो सोने के मंगलसूत्र, एक चांदी की तागड़ी, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बाजूबंद, चांदी के हाथों के कड़े, सोने के कानों के लूंग और 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए।

जड़ावदेवी नायक के घर में, चोरों ने संदूक का ताला तोड़कर एक सोने की रखड़ी, तीन जोड़ी चांदी की पायल और 10 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ितों के अनुसार, घटनास्थल पर तीन से चार अज्ञात चोरों के पैरों के निशान मिले हैं, जिन्हें उन्होंने ढक कर रखा है ताकि पुलिस को जांच में मदद मिल सके।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

गांववासियों में डर का माहौल है और वे पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़