श्रीडूंगरगढ़ ONE 3 नवंबर 2025। साहब ! पीने का पानी नहीं मिल रहा, रोज टैंकर डलवा रहें है, पशुओं को रखना दुभर हो रहा है, निराश्रित पशु पेयजल के लिए मुसीबत में है, कोई तो समाधान करो, ग्रामीणों की सुनवाई करो, ये बातें आज गांव सातलेरा के ग्रामीणों के मुख से सुनाई दे रही है, ग्रामीण अपनी परेशानी की सुनवाई कर लेने की गुहार लगा रहें है। सातलेरा में दो सरकारी ट्यूबवेल और दोनों के बंद पड़े है। ग्रामीणों ने बताया कि एक ट्यूबवेल तो डेढ़ साल से बंद है व दूसरा भी करीब दो माह से बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि जलदाय विभाग को अनेकों बार कम से कम एक ट्यूबवेल तो चालू करवाने व पेयजलापूर्ति करवाने की मांग की है, परंतु विभाग सुनवाई नहीं कर रहा है। पूरा गांव पेयजल किल्लत से परेशान है और ग्रामीण अपने घरों में टैंकरों से पानी डलवा कर बुरी तरह से पीड़ित हो गए है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण घरों में पशुधन का रखना मुश्किल हो गया है। गांव में अधिकांश परिवार पशुपालन से जुड़े है और पेयजल किल्लत के कारण ये बेहाल हो गए है। खेलियों में भी पानी नहीं है और पशुपालक बड़ी परेशानी झेल रहें है। गांव का निराश्रित पशुधन के तो जीवन पर संकट मंडरा रहा है। खरीद कर पानी आपूर्ति ग्रामीण कब तक करें। ग्रामीणों न उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा से पेयजल किल्लत का समाधान करवाने की मांग की है। ग्रामीण राजू जाखड़, जितेंद्र सिंह, सुगनाराम जाखड़, धनराज जाखड़, जीवदास स्वामी, खुमाराम जाखड़, गिरधारीलाल जाखड़, श्रवणराम जाखड़, नेमाराम जाखड़, रामकरण जाखड़, गोपालाराम मेहरा, राकेश मेहरा, गिरधारी लिखाला ने कड़ी नाराजगी जताते हुए समाधान की मांग की है।
बिजली बनी समस्या, एक माह पहले जमा करवाया डिमांड, नई लाइन से होगा समाधान।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। पेयजल विभाग के एईएन कैलाश वर्मा ने श्रीडूंगरगढ़ ONE को बताया कि सातलेरा में भूमिजल का स्तर गहरा नीचे चला गया है। जिससे बिजली की पूरी जरूरत रहती है। यहां विभाग के ट्यूबवेल से लाइन करीब डेढ़ दो किलोमीटर दूर है और वोल्टेज की समस्या लगातार बनी रहती है। ट्यूबवेल ठीक करवाने पर दो चार दिन में पुन मोटर जल जाती है। इसके समाधान के लिए बिजली विभाग से वार्ता की गई जिसमें विभाग ने गांव के बाहर से दूसरी लाइन लाकर ट्यूबवेल पर बिजली देने की स्वीकृति बनी व करीब एक माह पहले जलदाय विभाग ने लाइन के लिए बिजली विभाग की डिमांड राशि भी जमा करवा दी गई है। वर्मा ने कहा कि आज कल में ही ट्यूबवेल ठीक करवा कर एक बार तो पेजयलापूर्ति सुचारू करवा दी जाएगी। सुचारू समाधान बिजली विभाग की लाइन आने पर होगा। गांव सातलेरा की आपूर्ति 132 श्रीडूंगरगढ़ से होती है। गिरधारी जाखड़ व राजू जाखड़ ने उपखंड प्रशासन से दखल की मांग करते हुए दोनों विभागों से समाधान करवाने की मांग की है।