गैस सिलेंडर…एक छोटी सी लापरवाही और परिणाम भयावह। बीकानेर में हाल ही में हुई गैस सिलेंडर त्रासदी ने एक बार फिर इस खतरे की ओर ध्यान खींचा है। समाज चिंतक इस घटना के बाद लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दे रहे हैं।
मंगलवार को गांव समंदसर में स्थित 33 केवी जीएसएस (ग्रिड सबस्टेशन) के स्टोर रूम में एक ऐसा ही हादसा हुआ। स्टोर रूम में रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। सौभाग्यवश, वहां काम कर रहे कर्मचारी समय रहते भागने में सफल रहे, जिससे जान-माल की हानि टल गई। घटना का वीडियो आज सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, एलएनटी कंपनी के कुछ कर्मचारी जीएसएस पर काम कर रहे थे। चाय बनाने के लिए वे स्टोर रूम में गए, तभी गैस रिसाव के कारण आग लग गई। एक कर्मचारी ने बताया कि आग लगते ही वे तुरंत बाहर भागे और कुछ ही क्षणों में सिलेंडर फट गया।
सिलेंडर विस्फोट से स्टोर रूम की दीवार और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्टोर में रखा सामान, जिसमें ट्रांसफार्मर में डालने का 30 लीटर तेल, लगभग 150 पुराने मीटर, 10 नए मीटर, राशन का सामान और दो-तीन कर्मचारियों के कपड़े शामिल थे, जलकर राख हो गया।
कर्मचारियों ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल में कितनी सावधानी बरतनी चाहिए। छोटी सी असावधानी भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।