श्रीडूंगरगढ़, 15 अक्टूबर 2025: श्रीडूंगरगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल का आगाज हुआ है। NextGen Academy ने विधिवत रूप से अपने पहले बैच की कक्षाएं शुरू कर दी हैं। अकादमी में विद्यार्थियों के पंजीकरण के बाद अंग्रेजी, विज्ञान और गणित जैसे विषयों के नियमित व्याख्यान शुरू हो गए हैं।
माँ सरस्वती की आराधना के साथ अकादमी और नई कक्षाओं का शुभारंभ हुआ। अकादमी प्रबंधन का कहना है कि कक्षा 6 से 10 तक प्रत्येक कक्षा में 30 से अधिक विद्यार्थियों को नहीं लिया जाएगा, ताकि हर विद्यार्थी पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया जा सके। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अकादमी आने-जाने हेतु वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर आयोजित पूजन कार्यक्रम में भारती निकेतन विज्ञान संकाय के विभागाध्यक्ष प्रमोद यादव, अकादमी के निदेशक राज सर, विद्यार्थी और उनके अभिभावक शामिल हुए।
प्रमोद यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता के मंत्र बताए। उन्होंने मेहनत के साथ-साथ विषयों की गहरी समझ और अवधारणाओं (कॉन्सेप्ट) को स्पष्ट रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को चाहिए कि जब तक किसी विषय की पूरी समझ न हो, तब तक वे शिक्षकों से प्रश्न पूछें और विषय को आगे न बढ़ने दें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने और दूसरों से तुलना न करने की सलाह दी।
अकादमी के निदेशक राज सर ने विद्यार्थियों को नई शुरुआत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं और स्कूल स्तर की परीक्षाओं में अधिकतर प्रश्न NCERT की पुस्तकों से ही आते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए संस्थान ने कक्षा 6 से 10 तक के प्रत्येक विषय से 15 महत्वपूर्ण विषयों का चयन किया है, जिन पर विशेष रूप से विद्यार्थियों की अवधारणाओं को स्पष्ट किया जाएगा, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ हर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
राज सर ने बताया कि प्रत्येक बच्चे पर ध्यान देना सुनिश्चित करने के लिए ही एक कक्षा में केवल 30 विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ कक्षाओं में अभी भी कुछ सीटें रिक्त हैं, जिन पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
इस दौरान उपस्थित अभिभावकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। NextGen Academy का यह प्रयास निश्चित रूप से श्रीडूंगरगढ़ के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए अवसर खोलेगा और उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करने में सहायक होगा।