उनके निधन की खबर मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ कृषि मंडी व्यापार मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू ने तत्काल प्रभाव से मंडी की सभी दुकानें बंद रखने की घोषणा कर दी। व्यापारियों ने भी गंभीरता दिखाते हुए अपनी दुकानें बंद कर दीं और किसानों तक इस दुखद खबर को पहुंचाया। खाद बीज यूनियन के तहसील अध्यक्ष मुखराम गोदारा ने भी उपखंड क्षेत्र में सभी दुकानें बंद रखने का ऐलान किया, जिससे पूरे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां थम गईं।
श्रीडूंगरगढ़ के विधायक ताराचंद सारस्वत ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्र के अनेक नेता बीकानेर में डूडी जी के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रवाना हो गए हैं। युवा नेता हरिराम बाना, गिरधारीलाल महिया, विमल भाटी, मूलाराम भादु, कोडाराम भादू, सोहनलाल महिया, रमेश प्रजापत, प्रकाश दुसाद, दानाराम भादू, सोहन गोदारा, रामकरन डूडी, भागूराम सहू, और भाजपा नेता कुम्भाराम सिध्द सहित कई गणमान्य व्यक्ति बीकानेर पहुंचे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकूराम जुली भी बीकानेर पहुंच रहे हैं। वहीं, कांग्रेसी नेता गोविंदसिंह डोटासरा, बद्रीराम जाखड़ (पूर्व सांसद, पाली), एमएलए डूंगरराम गेदर, रतनगढ़ विधायक फूसाराम गोदारा, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, हाकम अली, और चुरू जिलाध्यक्ष इंद्राज खीचड़ सहित जिले और प्रदेश के कई नेता भी बीकानेर में एकत्रित हो गए हैं।
रामेश्वर लाल डूडी का निधन श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक लोकप्रिय नेता थे और उन्होंने हमेशा क्षेत्र के लोगों के हितों के लिए काम किया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।