श्रीडूंगरगढ़ के पास, हाइवे पर बिग्गा गांव के समीप गुरुवार की शाम एक अप्रिय घटना घटी। जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से दुर्घटना हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार, बिग्गा निवासी भागीरथ मोटसरा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य में संलग्न रीड़ी निवासी रामदयाल जाखड़ ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अपनी कार से उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज शुरू किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार की सुबह गांधी पार्क में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और बंगाल कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पारख भी उपस्थित थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांधीजी के अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस श्रद्धांजलि सभा में सेवादल कांग्रेस के संभाग प्रमुख विमल भाटी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष ओम गुरावा, कन्हैयालाल सोमानी, मनोज पारख, मूलचंद स्वामी और अन्य कार्यकर्ताओं ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
रमन आईटीआई कॉलेज में गांधी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक कुम्भाराम घिंटाला ने गांधीजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और गांधी दर्शन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधीजी के शांति और अहिंसा के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। संदीप गोदारा ने गांधी जयंती पर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए समर्पित रहने का संकल्प लेने की बात कही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखा और गांधीजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रीडूंगरगढ़ के शिक्षण संस्थान भारती निकेतन में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य सत्यनारायण स्वामी के निर्देशन में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निर्णायक की भूमिका तसलीम अहमद और किशनलाल राजपुरोहित ने निभाई। प्रतियोगिता में भूमिका माली और प्रीति सारस्वत ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राधिका पारीक दूसरे और रीतिका ओझा तीसरे स्थान पर रहीं। विजेता बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए हिंदी व्याख्याता सीमा भोजक ने दशहरे के महत्व के बारे में जानकारी दी।
जयपुर पब्लिक स्कूल श्रीडूंगरगढ़ में गुरुवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने मिलकर दसमुख रावण का पुतला बनाया। स्कूल के संचालक कुंभाराम घिंटाला ने विद्यार्थियों को दशहरे के ऐतिहासिक और पारंपरिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बुराई पर हमेशा अच्छाई की जीत होती है और यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों के बारे में जानकारी देते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। स्कूल की एमडी चंद्रमुखी घिंटाला ने नवदुर्गा पूजन की शुभकामनाएं देते हुए दशहरे का महत्व बताया। इस दौरान पूरा स्टाफ मौजूद रहा और जय श्री राम के जयकारों के साथ रावण दहन किया गया।