श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 4 अप्रैल 2026। श्रीडूंगरगढ़ के स्कूली शिक्षा इतिहास में शनिवार को सुनहरा अध्याय जुड़ गया है, जब क्षेत्र के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान भारती निकेतन के विद्यार्थी ने 12वीं विज्ञान वर्ग में 500 में से 500 अंक हासिल किए है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 5 दिन पूर्व मंगलवार को जारी किया गया था, उसी परिणामों के क्रम में आज दिव्यांग बच्चों का परिणाम जारी किया गया है। जिसमें भारती निकेतन के विद्यार्थी भागीरथ सिंह ने 500 में से 500 अंक हासिल किए है। स्कूल के निदेशक श्रीकिशन स्वामी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के इतिहास में ऐसा दूसरी बार ही हुआ है, जब किसी बच्चे ने 500 में से 500 अंक प्राप्त किये है। विद्यार्थी ने हिंदी, अंग्रेजी, फिजिक्स, केमेस्ट्री व मैथ्स सभी विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किये है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में जश्न का माहौल हो गया है। क्षेत्र के सभी शिक्षाविद भी बालक भागीरथ की इस सफलता को श्रीडूंगरगढ़ का मान बढाने वाली उपलब्धि बता रहें है। विदित रहे कि दिव्यांग बच्चों के लिए परीक्षा में 60 मिनिट का समय अतिरिक्त दिया जाता है व उनका परिणाम मुख्य परिणाम के पांच दिन बाद आता है व इस परिणाम को मुख्य परिणाम के समकक्ष ही माना जाता है। भागीरथ सिंह गांव पुंदलसर का निवासी है एवं उसके दोनों हाथ पूर्णतया मुड़े हुए है। गांव में उसके पिता रामनारायण सिंह व परिजनों को भी बालक की स्वर्णिम सफलता पर बधाइयां दी जा रही है। वहीं स्कूल के स्टाफ में जोश व उत्साह भर गया है। सभी एक दूसरे को तथा बालक के फैकल्टी टीचर्स को बधाइयां दे रहें है।