डूंगरगढ़ one 28 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गर्मी बढ़ने के साथ ही विद्युत लाइनों में खराबी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। आज दोपहर गांव सातलेरा में 11 केवी लाइन का तार अचानक तेज धमाके के साथ टूटकर मुख्य रास्ते पर गिर गया। घटना नेशनल हाईवे व गांव के बस स्टैंड के पास होने से वहां मौजूद लोग सहम गए।
सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता गौरीशंकर तावनियां ने स्थानीय जीएसएस पर संपर्क कर तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पूरे गांव सातलेरा की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
गर्मी के इस मौसम में बिजली बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गनीमत रही कि दोपहर का समय होने के कारण रास्ते पर आवाजाही कम थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि टूटे हुए तार को जल्द से जल्द ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।