श्रीडूंगरगढ़ ONE 26 मार्च 2026। बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ में हुई धर्मयात्रा में एक और जहां हजारों लोगों का उत्साह जयश्रीराम के नारों के साथ चरम पर था वहीं अनेकों कंठों में भारत माता के जयकारों के साथ सेवा में सैंकड़ों हाथ भी जूटे दिखे। इस धर्मयात्रा के दौरान आपसी सौहार्द, सामाजिक सहभागिता का अनुठा नजारा भी देखने को मिला जिसे देख कर प्रशासनिक अधिकारी भी आह्लादित हो गए। प्रशासन की नजरों में श्रीडूंगरगढ़ में धर्मयात्रा के दौरान तनाव की स्थिति मानी जाती है व उसी के अनुसार पुलिस प्रशासन भी चुस्त दुरूस्त रहता है लेकिन हर साल हो रही धर्मयात्रा में सभी का सामूहिक उत्साह अब क्षेत्र की छवी तनावग्रस्त के बजाए साम्प्रदायिक सौहार्द वाले शहर की बना रहा है।
मित्र मंडली ने संभाला रक्षकों को, की पुष्पवर्षा।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। कस्बे में सक्रिय युवाओं की टीम मित्र मंडली द्वारा यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए सुरक्षाकर्मियों को संभाला गया एवं उनकी अल्पाहार की व्यवस्था करते हुए उनका सम्मान कर व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया। मित्र मंडली द्वारा एचडीएफसी बैंक के पास यात्रा पर जम कर पुष्पवर्षा भी की गई। इस दौरान गज्जू माली, जावेद कायमखानी, आसु माली, भवानी सैनी, जयप्रकाश स्वामी, गौतम माली, अरशद तेली, रामदयाल सैनी, राहुल कायमखानी, आशिफ काजी, कृष्णा माली, श्याम सारस्वत, तोलाराम, कानाराम बाना, जेपी चौधसरी, राजाराम गोदारा आदि कार्यकर्ता सेवाओं में जुटे रहे।
मस्जिद के पास दिखा सौहार्द का माहौल।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। कस्बे में जामा मस्जिद के पास शहर में साम्प्रदायिक सौहार्द का नजारा देखने को मिला। यहां पर मुस्लिम समाज के युवाओं द्वारा भारत माता के जयकारों के साथ धर्म यात्रा में शामिल लोगों को शरबत पिलाया गया एवं सेवा की गई। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा भी सदभावनाएं दिखाते हुए आभार जताया गया।
शुरूआत से लेकर रैली समापन तक चल रही सेवा।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। रैली की शुरूआत के साथ ही हाईस्कूल रोड़ पर सेवा व्यवस्थाएं शुरू हो गई एवं रैली समापन स्थल तक यह सेवाएं जारी रही। रैली के रास्ते में मातुश्री भवन के पास, रानी बाजार में, घास मंडी में, सीताराम मोदी की दुकान के पास, पुरानी नगरपालिका के पास, पुराने बस स्टैण्ड़ के पास, गुरूदेव कंस्ट्रक्शन के पास सहित अनेकों जगहों पर ठंडा पानी, पानी की बोतलें, शरबत, कोल्ड ड्रिंक्स, ज्युस, केले, छाछ, मिठाईयां, टोफियां आदि का वितरण यात्रा में शामिल लोगों को किया गया।