श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 मार्च 2026। भारत देश के विकास में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण होगा। प्रधानमंत्री के विकसित राष्ट्र के संकल्प में महिला सशक्तिकरण की भूमिका अहम होगी। राजीविका द्वारा ग्रामीण महिलाओं को भी स्वरोजगार का मौका मिल रहा है। जिससे वे परिवार व समाज के विकास की मजबूत आर्थिक कड़ी बन रही है। ये बात विधायक ताराचंद सारस्वत ने बुधवार को पंचायत समिति परिसर में आयोजित बेटी पढ़ाओ राजीविका महिला सर्वांगीण सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा में कही। सारस्वत ने कार्यक्रम में लगाई गई हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने महिलाओं की मेहनत को सराहा और अपने काम को पहचान देने की बात कही। विधायक ने लखपति दीदी हेमा, कविता व मंजू (कृषि सखी) को टेबलेट वितरित किए। सीएलएफ के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही दीदी कैंटीन संचालिका आरती देवी को कैंटीन को बढ़ावा देने हेतु 50,000 रूपए का चेक दिया गया। कृषि विभाग द्वारा अनुदानित कस्टम हायरिंग सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुड्डी देवी ने विधायक का साफा पहना कर सम्मान किया। कार्यक्रम में अतिथि रूप में शामिल हुई ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर ने महिलाओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए अपनी बेटियों को पढ़ाई, खेल, व्यवसाय व नौकरी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। एलडीएम लक्ष्मण मोडासिया ने डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने सहित बैंकिंग योजनाओं के बारे में जानकारी दी। नाबार्ड के डीडीएम रमेश तांबिया ने महिला संगठनों में सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डाला। समिति सचिव कैलाश कंवर एवं लेखापाल मोनिका सारण ने समिति का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। समिति सदस्यों ने सीएलएफ के कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पूर्ण कार्यों की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना का अनुमोदन किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेनीसर की प्रशासक पार्वती देवी, सुमन मंडा, ज्योति चौधरी, पुलिस सेवा से अनीता व सुनीता, निलांकित कौले, कैलाश कंवर, कमोद कंवर, सुमन देवी, सम्पू देवी, मदन बेनीवाल, ममता शर्मा, सहीराम बाना, मोनिका सारण, कांता, केसर, सुमित्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक परियोजना प्रबंधन रघुनाथ डूडी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।