श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 मार्च 2026। साजन आया ए सखी, कांई मनुहार करूं.. जैसे लोकगीतों के साथ चंग व बासूंरी की धूनों पर थिरकती चंग मंडलियां, ये दृश्य सोमवार को मोमासर के प्रसिद्ध होली महोत्सव में साकार हुए। चंग मंडिलयों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। खूब हंसी ठिठोली के साथ गांव के लोग कलाकारों ने कार्यक्रम का रंग जमा दिया। चंग प्रतियोगिता का आयोजन भोमिया दादा के जयकारे से प्रारंभ हुआ। जिसमें 25 हजार नगद के प्रथम विजेता पाबूसर चंग मंडली रही। वहीं द्वितीय विजेता बींझवा, चूरू चंग मंडली रही जिसे 15 हजार का नगद पुरस्कार दिया गया। तीसरे स्थान पर पितरजी एंड पार्टी रामसीसर मंडली रही जिसे 10 हजार का नगद पुरस्कार दिया गया। आसपालसर मंडली, गोमंडिया मंडली व धीरदेसर पुरोहितान मंडली की टीमों को सांत्वना पुरस्कार 21-21 सौ रूपए दिए गए है।
विजेताओं को मंच पर मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत, श्रीविश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ। विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे मोमासर की धरोहर व सांस्कृतिक विरासत बताते हुए आपसी भाईचारा व प्रेम को बढ़ाने का मौका बताया। आयोजक ग्राम पंचायत व घींदड़ कमेटी की ओर से उपसरपंच जुगराज संचेती ने विधायक का नकोदेसर से जोरावरपुरा और धीरदेसर से मोमासर दो सड़कों की सौगात दिलवाने के लिए आभार जताया। समारोह में मंच पर भाजपा नेता अनिल जोशी, डॉ विवेक माचरा, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, सांसद पुत्र रविशेखर मेघवाल, उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, सीओ निकेत पारीक, थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा, पुलिस अधिकारी शालिनी जोशी, जिला परिषद एक्सईएन महेश कुमार, राजेश सारस्वत, सत्तासर सरपंच सुनील मलिक सहित अनेक अतिथियों का साफा व शॉल पहनाकर कमेटी सदस्यों ने सम्मान किया। गांव के मौजिज लोग मंच पर मौजूद रहें वहीं मोमासर सहित आस पास के गांवो से पहुंच बड़ी संख्या में युवाओं ने चंग प्रतियोगिता का आनंद लिया। मैदान सहित आस पास की छतें भी दर्शकों से अटी नजर आई। बता देवें कुछ ही देर में भांति भांति के स्वांग रचकर रंगारंग घींदड़ का आयोजन होगा।जिसका लाइव प्रसारण श्रीडूंगरगढ़ ONE के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। चंग प्रतियोगिता का लाइव देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें:– https://www.facebook.com/share/v/187EQijJyt/