कार्यक्रम की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत, कौशल बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा और तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा जैसे गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। विधायक सारस्वत ने क्षेत्रवासियों को नवरात्रों की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में समाजसेवी बृजलाल तावनिया के योगदान को भी सराहा गया। सोशल मीडिया सनसनी रतन चौहान के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह देखा गया। विभिन्न गरबा समूहों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन समिति के रणवीर सिंह खिची ने बताया कि शनिवार और रविवार के पास धारकों के लिए लक्की ड्रा निकाला जाएगा, जिसमें बड़े एलईडी टीवी, 5जी स्मार्ट फोन और चांदी के सिक्के जैसे आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
रविवार को कार्यक्रम के अंतिम दिन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्यों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शाम 6 बजे से 7.30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। खिची ने बताया कि बिना पास के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा और 7.30 बजे के बाद पास होने पर भी प्रवेश वर्जित रहेगा। उन्होंने सभी गरबा प्रेमियों से समय पर पहुँचकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
समिति ने क्षेत्रवासियों से यह भी आग्रह किया है कि केवल माँ के भक्त ही इस पारंपरिक आयोजन में शामिल हों। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विहिप के सदस्यों ने टोलियाँ बनाई हैं।
शनिवार के महोत्सव में कई श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया और उन्हें पुरस्कृत किया गया। लक्ष्मी गुरनाणी को गरबा क्वीन और मनोज कुमार दर्जी को गरबा किंग का खिताब मिला। सोनू और भव्या को बेस्ट माँ-बेटी, पूजा और प्रीति पारीक को बेस्ट सिस्टर, संपत्त और सोम्या गांधी को बेस्ट सास-बहू, भाविका और दीप्ति को बेस्ट जोड़ी, मोनू मारू को बेस्ट हेयर स्टाइल, विहान गुरनाणी को बेस्ट गरबा आउटफिट (पुरुष), जय माँ अंबे ग्रुप को बेस्ट गरबा आउटफिट (महिला) और प्रियांशी गुरनाणी को किड्स श्रेणी में पुरस्कार मिला। सोमाणी ग्रुप को बेस्ट डांडिया ग्रुप और प्राप्ति बोथरा को बेस्ट डॉल किड चुना गया। खटनानी परिवार को बेस्ट फैमिली का अवार्ड मिला, वहीं विनिशा संगवानी ‘स्टार ऑफ द नवरात्रि नाइट’ रहीं।
आज भी इन श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया जाएगा और उन्हें आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।