मंगलवार की देर रात, लगभग 12 बजे, नेशनल हाइवे पर सेरुना स्टैंड के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक कंटेनर-ट्रक का ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर बैठा था, तभी उसने एक के बाद एक 5 गायों को रौंद डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका और बीकानेर की ओर भागने की कोशिश की। हालांकि, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सेरुना पुलिस की नाकाबंदी थी। हैड कांस्टेबल सत्यवीर, कांस्टेबल सांवरमल और ड्राइवर पवन शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया। सूत्रों की मानें तो, ट्रक के पीछे चल रहे अन्य वाहनों में सवार लोगों ने भी पुलिस का साथ दिया और ट्रक को रोकने में मदद की।
इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में आक्रोश की लहर दौड़ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गायों को कुचलने वाले ड्राइवर को भीड़ से बचाया और ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया। जानकारी के अनुसार, ट्रक नागालैंड नंबर का है और उसमें इलेक्ट्रिक स्कूटी लदी हुई हैं।
हाइवे पर हुई इस हृदयविदारक घटना में चार गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस आज मृत गायों का पोस्टमार्टम कराएगी। पुलिस ने शराब के नशे में धुत ट्रक चालक साजिद खान को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक को जब्त कर सेरूणा थाने में खड़ा कर दिया गया है। हाइवे पेट्रोलिंग टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से गायों को सड़क से हटाया गया।