समाज को जोड़ने और युवाओं को परंपराओं से जोड़ने का रहेगा मुख्य उद्देश्य
डूंगरगढ़ one 17 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सिद्ध समाज सेवा ट्रस्ट, सूरत द्वारा आगामी 22 फरवरी 2026, रविवार को भव्य ‘होली स्नेह मिलन समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री सती जसनाथजी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं “ओम नमो आदेश” के उद्घोष के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम का आयोजन गोडादरा क्षेत्र स्थित मेवाड़ क्षेत्रीय राजपूत भवन (खोडियार रेजिडेंसी के सामने) किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह का शुभारंभ दोपहर 3:00 बजे भव्य आरती के साथ होगा। इसके बाद 3:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें समाज की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
बच्चों के लिए रहेगा खास टैलेंट शो
कार्यक्रम में शाम 6:00 से 7:00 बजे तक नन्हे बच्चों के लिए विशेष टैलेंट शो और मनोरंजक प्रस्तुतियां रखी गई हैं, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
रात 8 बजे से सामूहिक भोजन प्रसादी
शाम 7:15 बजे सायंकालीन आरती के पश्चात रात्रि 8:00 बजे से सामूहिक भोजन प्रसादी (स्वरुचि भोज) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी लोग सपरिवार सहभागिता करेंगे।
सपरिवार शामिल होने की अपील
सिद्ध समाज सेवा ट्रस्ट ने सूरत में निवास कर रहे समस्त समाज बंधुओं से अपील की है कि वे सपरिवार इस होली स्नेह मिलन समारोह में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएं। ट्रस्ट के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आपसी प्रेम, सौहार्द को मजबूत करना और युवा पीढ़ी को समाज की परंपराओं से जोड़ना है।