श्रीडूंगरगढ़, 14 नवंबर 2025। सर्दियां अपने रंग में रंगने लगी हैं, और इसी के साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले चोरों की आहट भी सुनाई देने लगी है। गुरुवार की रात सूडसर गांव में कुछ ऐसा ही मंज़र देखने को मिला, जब तीन अज्ञात चोरों ने गांव में “धमा-चौकड़ी” मचाने की कोशिश की, और ग्रामीण व पुलिस के साथ लुका-छिपी का खेल खेला।
जानकारी के अनुसार, माना जा रहा है कि तीनों चोर ट्रेन से सूडसर स्टेशन पर उतरे थे। रात गहराते ही वे गांव में चोरी करने के इरादे से निकल पड़े। लेकिन, उनके प्रयास सफल होते, उससे पहले ही ग्रामीणों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।
खबर मिलते ही एएसआई पूर्णमल के नेतृत्व में पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुँच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी। आशंका जताई गई कि चोर रेलवे ट्रैक के सहारे श्रीडूंगरगढ़ की ओर भाग रहे हैं। इस पर पुलिसकर्मियों ने भी रेलवे पटरियों पर दौड़ लगा दी।
सूत्रों के अनुसार, रात भर पुलिस जवान सूडसर से श्रीडूंगरगढ़ तक लगभग 22 किलोमीटर तक रेलवे पटरियों पर दौड़ते रहे, लेकिन कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी। हालांकि, पुलिस ने राजस्थान के आबू रोड के रहने वाले एक युवक को संदिग्ध मानकर पकड़ा है, जबकि दो अन्य भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि वे तीनों महेंद्रगढ़ से ट्रेन में सवार हुए थे। पुलिस फिलहाल संदिग्ध युवक से पूछताछ कर रही है।
यह ध्यान देने योग्य है कि सर्दियां बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में चोरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। दो दिन पहले भी सोनियासर गांव में अज्ञात चोरों ने दस से अधिक घरों में चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों के जाग जाने पर वे भाग निकले। भागते समय चोर अपनी मोटरसाइकिल भी वहीं छोड़ गए थे, जिसे ग्रामीणों ने जब्त कर लिया था।