श्रीडूंगरगढ़ ONE 18 मार्च 2026। आस्था, संस्कृति और उत्सव की परपंरा का निर्वहन इस बार गणगौर मेला समिति द्वारा भव्य आयोजन के साथ किया जाएगा। समिति के बैनर तले गणगौर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। समिति द्वारा उल्लास के साथ आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।
समिति के व्यवस्थापक राजगुरू देवीलाल उपाध्याय ने बताया कि 21 मार्च की शाम 4 बजे हनुमान क्लब से भव्य गणगौर सवारी निकाली जाएगी। जिसमें गाजे बाजे, रथ, ऊंट, घोड़े, डीजे शामिल होंगे। सवारी यात्रा में 21 जोड़े गणगौर ईसरजी के होंगे। रथों पर सुंदर सजीव झांकियां होंगी, जिसमें शिव पार्वती की झांकी और अघोरी नृत्य दर्शनीय होगा। गणगौर पूजन करने वाली युवतियां कलश लेकर यात्रा में शामिल होगी। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से निकल कर शहीद हेमू कालानी पार्क पहुंच कर संपन्न होगा। पार्क में ही 22 मार्च की 9 बजे गणगौर फैरों का कार्यक्रम होगा। जिसमें सजी धजी गणगौर अपने साथ लाने वाली युवतियों में श्रेष्ठ श्रृंगारित गणगौर को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार भी दिए जाएंगे। समिति अध्यक्ष सीताराम मोदी, मंत्री श्यामसुंदर पारीक, कोषाध्यक्ष ललित बाहेती, हीरालाल पुगलिया, हिसाब परीक्षक श्रीगोपाल राठी, सह व्यवस्थापक मनोज गुंसाई व व्यवस्थापक देवीलाल उपाध्याय द्वारा यात्रा की तैयारियों की रूपरेखा तय की जा रही है। समिति सदस्यों ने सभी व्यापारियों से बाजार खुला रखने व जुलूस का स्वागत करने व शामिल होने का आग्रह किया है। दो दिवसीय गणगौर महोत्सव में सैंकड़ो महिलाएं व युवतियां शामिल होगी। समिति सदस्यों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से आयोजन में सक्रियता के साथ शामिल होने का आग्रह किया है।