वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक साहिल गर्ग के नेतृत्व में सहायक मंडल वित्त प्रबंधक जोरावर सिंह, कौशल किशोर और सुरेंद्र मीना की टीम ने अलसी सिंह के घर जाकर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और उनका सम्मान किया। इसके बाद उनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाया गया, जिससे उन्हें अब पेंशन प्राप्त करने में और भी सुविधा होगी।
रेलवे के नियमों के अनुसार, जो पेंशनर 100 वर्ष की आयु पूरी कर लेते हैं, उन्हें दुगुनी पेंशन दी जाती है। अलसी सिंह अब इस नियम के तहत लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर साहिल गर्ग ने बताया कि यह पहल भारत सरकार के डिजिटल इंडिया विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब पेंशनर्स को बैंक जाने की आवश्यकता नहीं है, वे घर बैठे ही अपना सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि पारदर्शिता और सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में बीकानेर मंडल पर नेशनवाइड डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंपेन 4.0 के तहत 15 नवंबर को 22 रेलवे स्टेशनों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये स्टेशन हैं – बीकानेर, नागौर, नोखा, लालगढ़, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़, सादुलपुर, लोहारू, भिवानी, चरखी दादरी, कोलायत, पीलीबंगा, चूरू, हिसार, सिरसा, झाडली, कोसली, हांसी, श्रीगंगानगर और महेन्द्रगढ़। इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनरों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने में मदद करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी पेंशन प्राप्त कर सकें। यह पहल न केवल पेंशनरों के जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि डिजिटल इंडिया के सपने को भी साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।