श्रीडूंगरगढ़, 9 नवंबर 2025। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना क्षेत्र में सरदारशहर रोड पर स्थित ठुकरियासर गांव के एक होटल में पुलिस दल ने दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।
थानाधिकारी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को इस होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
एसआई मोहन कड़वासरा के नेतृत्व में कांस्टेबल अनिल मिल, नरेंद्रसिंह, विनोद और रामसिंह की टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस दल ने शनिवार की शाम करीब सात बजे होटल पर छापा मारा। तलाशी के दौरान होटल से एक किलो 880 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया गया।
पुलिस ने होटल संचालक कैलाश पुत्र कालूराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। कैलाश ठुकरियासर का ही निवासी है। पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।