श्रीडूंगरगढ़ ONE 3 जनवरी 2026। नववर्ष 2026 की बड़ी खबर प्रवासी श्रीडूंगरगढ़वासियों की ओर से आई है। प्रीत पुरानी प्रवासी मंच द्वारा एक विराट कार्यक्रम का आयोजन श्रीडूंगरगढ़ में किया जाएगा। आगामी होली के अवसर पर 1,2 और 3 मार्च को शहर में प्रवासियों के लिए भव्य आयोजन होंगे।
कार्यक्रम में रहने खाने की व्यवस्थाओं के लिए दोनों तेरांपथ भवन सहित अन्य भवनों को बुक किया जा रहा है। ठहरे हुए से शहर को इस आयोजन से एक रफ्तार सी मिल सकेगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवासियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। करीब 400 परिवारों ने मंच से संपर्क कर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सहमति जताई है। पहली बार आयोजित हो रहें प्रवासी सम्मेलन में केवल तेरापंथी परिवार शामिल होंगे। पूरे आयोजन का खर्च मंच सदस्य भामाशाह मिल कर उठाएंगे। आयोजक सदस्य व भामाशाह जतनलाल पारख ने ये शानदार पहल की है। पारख ने बताया कि कोरोना से पहले से इस कार्यक्रम की रूपरेखा बन रही थी जो अब जाकर मौका मिला है। ये सभी प्रवासियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने का एक प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि ऐसे युवा पीढ़ी जो कभी गांव आई ही नहीं वे सभी आने का उत्साह दिखा रहें है। देश विदेश के प्रवासी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पारख ने कहा कि प्रवासी परिवार गांव आने को उत्साहित है और लोग अपने गांव श्रीडूंगरगढ़ आने के लिए एयर टिकटें, ट्रेन बुकिंग करवाने में जुट गए है। अभी तक देश भर से 58 स्टेशनों के प्रवासी मंच से संपर्क कर चुके है, वहीं विदेश में रहने वाले प्रवासी भी कार्यक्रम के बारे में जानकारी ले रहें है और अपने आने की योजना बना रहें है।
तीन होंगे भव्य सांस्कृतिक आयोजन, होली की छटा देखेंगे पावणे।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। आयोजन के लिए दोनों तेरापंथ भवन सहित अन्य स्थानीय भवनों में स्थान लिए गए है। 28 फरवरी को यहां आकर पावणे अपना पंजीयन करवाएंगे। 1 मार्च 2026 को चंग का शानदार कार्यक्रम होगा जिसमें राजलदेसर, दिल्ली व कोलकाता से एक एक चंग के दल शामिल होंगे व अपनी प्रस्तुतियां देते हुए धमाल मचाएंगे। 2 मार्च को वीणा कैसेट्स का कार्यक्रम होगा जिसके करीब 20 लोक कलाकार अपनी लोक गीत नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। 3 मार्च को दिन में माणक डागा के फार्म हाऊस पर धुलंडी का कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें रंगो से होली खेली जाएगी। वहीं इसी दिन शाम को शानदार विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस बीच सभी महिलाओं व पुरूषों द्वारा राजस्थानी परिधानों में सजधज कर तैयार होने का भी एक कार्यक्रम होगा। इसी के साथ अन्य कार्यक्रमों की भी रूपरेखा बन रही है।
लाड लडाने का बने माहौल, सफाई को लेकर पालिका भी चेते।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। प्रवासी श्रीडूंगरगढ़ वासी जो 20 साल से गांव नहीं आए है, ऐसे अनेक परिवार गांव आएंगे और इन आयोजनों में भाग लेने के साथ शहर की गलियों का भ्रमण करेंगे। ऐसे में कहीं वे कचरे व गंदगी से अटी पड़ी शहर की इन गलियों की शर्मनाक स्थिति देखकर अपने गांव के प्रति अरूचि का भाव ना बना लेवें। कई वरिष्ठ प्रवासीजनों ने पहली बार हो रहें इस विशाल व भव्य आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर नेताओं व नागरिकों को भी कुछ प्रयास कर इसे सफल बनाने में योगदान दिए जाने की बात कही। उनका ही नहीं स्थानीय प्रबुद्धजनों की भी यही राय है कि ये चेत जाने का समय है, शहर में साफ सफाई को अपने व्यवहार में ढाला जाए। पालिका को भी बढ़ते शहर की क्षमताओं का विस्तार करते हुए कार्य किए जाने की अपेक्षा हर कोई जता रहा है। श्रीडूंगरगढ़ ONE का मत है कि इससे हम एक साफ सुथरे स्वच्छ वातावरण वाले गांव की छवि प्रवासियों के मनों में अंकित कर सकें।