श्रीडूंगरगढ़ ONE 28 जनवरी 2026। देर रात हाइवे पर एक लापरवाह ट्रक चालक ने हाइवे पर हादसे को न्यौता देते हुए अंधाधुंध ट्रक भगाया और पुलिस ने उसके पीछे गाड़ी दौड़ाकर पकड़ा।
घटनाक्रम कुछ यूं हुआ कि श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर पर एक ट्रक ड्राइवर ने मैन रोड पर ही अपना ट्रक खड़ा कर दिया, नीचे उतर कर चाय पीने लगा। ड्यूटी पर तैनात होम गार्ड ने उसे टोका व ट्रक को रोड से हटाने के लिए कहा। ट्रक चालक गार्ड के साथ बदतमीजी से पेश आया और ट्रक नहीं हटाया तो होमगार्ड ने ड्यूटी ऑफिसर हैड कांस्टेबल बलवीर काजला को सूचना दी। गश्त पर निकली काजला की टीम मौके पर पहुंची, तो चालक ने पुलिस को देखकर ट्रक को दौड़ाया। बलवीर काजला ने बताया कि ट्रक का पीछा करते हुए उसे कई बार रूकने का ईशारा किया परंतु ट्रक चालक नहीं रूका और अंधाधुंध ट्रक भगया। काजला ने बताया कि चालक की गतिविधि से किसी दुर्घटना की आशंका के चलते पुलिस ने ट्रक का पीछा नहीं छोड़ा व लगातार उसे रूकने की चेतावनी दी गई। पुलिस ट्रक के पीछे रही और आखिरकार लखासर टोल पर नाकेबंदी कर पुलिस ने ट्रक को रूकवाया। काजला ने बताया कि ट्रक चालक 43 वर्षीय रामरतन ज्ञानाराम विश्नोई व उसके बेटे 20 वर्षीय पवन विश्नोई निवासी सासीसर, नोखा को पकड़कर थाने पहुंचाया। बलवीर काजला ने बताया कि दोनों को शांति भंग में गिरफ्तार कर ट्रक को सीज किया गया।