श्रीडूंगरगढ़ ONE 2 अप्रैल 2026। श्रीडूंगरगढ़ में प्रसिद्ध हनुमान धोरा मंदिर में अलसुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां मेले का सा माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। मंदिर परिसर की भव्य सजावट की गई। मंदिर प्रांगण दिनभर गुलाब के फुलों से महकता रहा। सुबह 5 बजे बाबा का अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। शाम को चूरमे का प्रसाद भोग लगाकर श्रद्धालुओं को वितरण किया गया। सैंकड़ो श्रद्धालुओं ने दर्शन कर प्रसाद भोग लगाए व बाबा से सुख शांति की कामनाएं मांगी।
गुरूवार को भारती निकेतन प्ले स्कूल के बच्चों ने हनुमान धोरा मंदिर की यात्रा की, स्कूल स्टाफ के साथ बसों द्वारा बच्चे हनुमान धोरे पहुंचे। यहां बाबा के दर्शन कर हनुमान वाटिका के दर्शन किए। बच्चों ने भजन कीर्तन कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। हनुमान जन्म कथा पर चर्चा करते हुए भारती एज्यूकेशन ग्रुप के डायरेक्टर डॉ सुभाषचंद्र मिश्रा ने सनातन संस्कृति व संस्कारों के बारे में जानकारी दी। बच्चों संस्कृत विद्यालय के शिव मंदिर में दर्शन किए व सरस्वती वंदना, श्रीराम स्तुति और गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। विद्यालय के राहुल पारीक ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल के स्टाफ व बच्चों ने भी हनुमान धोरा पहुंचकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया। यहां बच्चों ने सामूहिक हनुमान चालिसा का पाठ किया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ रजनीश कौशिक ने बच्चों को हनुमान जन्म व हनुमानजी के जीवन चरित्र की प्रमुख विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए प्रेरणा लेने की बात कही। इस दौरान स्कूल स्टाफ भी सक्रिय रहा। माहेश्वरी महिला समिति द्वारा हर्षोल्लास के साथ हनुमान धोरा मंदिर परिसर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। समिति की महिलाएं बाबा के भजन गाते हुए श्रद्धा से झूम उठी। महिलाओं ने हनुमान जन्म की बधाई बांटी और खूब टॉफियों का वितरण किया। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
तोलियासर में धूमधाम से निकाली शोभायात्रा।
श्रीडूंगरगढ़ ONE। गांव तोलियासर में गोगा ताल मैदान में स्थित हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपनी मन्नतें मांगी। मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान जगह जगह पुष्प वर्षा की गई। पूरे मार्ग में बाबा के जयकारे गूंजते रहें। ग्रामीणों ने यात्रा में शामिल ज्योत व ध्वजा के दर्शन किए। लोगों ने गांव में सुख शांति की कामनाएं की। शोभा यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई। बड़ी संख्या में बाबा के भक्त यात्रा में शामिल हुए।